उत्तराखंड में वोटर लिस्ट अपडेट का काउंटडाउन शुरू, जानिए पूरा शेड्यूल, घर-घर होगा सत्यापन

देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए आज 8 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू हो रहा है। इस राज्यव्यापी अभियान के तहत 11,733 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना प्रपत्र (एनुमरेशन फॉर्म) भरवाएंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 8 जून से 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे, उन्हें भरवाएंगे और वापस एकत्र करेंगे। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार उसके घर का दौरा करेंगे। प्रत्येक विजिट की जानकारी स्टिकर के माध्यम से घर पर चस्पा की जाएगी, जिसमें अगली विजिट की तारीख और संपर्क नंबर भी दर्ज होगा।
‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता ऑनलाइन अपने बीएलओ से संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकते हैं।
इसके लिए मतदाता ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं या निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर सेवा का लाभ उठा सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि अभियान के दौरान एकत्र किए गए आंकड़ों को डिजिटाइज कर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। सभी आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा और 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
ऑनलाइन उपलब्ध है पुरानी मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई है। मतदाता विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम, बूथ संख्या तथा क्षेत्र के आधार पर अपनी जानकारी खोज सकते हैं।
अभियान का पूरा कार्यक्रम
8 जून से 7 जुलाई: घर-घर सर्वे और गणना फॉर्म संग्रह
14 जुलाई: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज
11 सितंबर: दावे-आपत्तियों का निस्तारण
15 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि प्रदेश की मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।



