गंगा घाट पर महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की हरकी पैड़ी से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश से आई महिला श्रद्धालुओं ने एक व्यक्ति पर छेड़छाड़ और अभद्रता का आरोप लगाया है। आरोप है कि महिलाओं द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, झांसी (उत्तर प्रदेश) से एक परिवार अधिक मास के दौरान गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाओं का आरोप है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में पूजा के दौरान एक व्यक्ति लगातार उन्हें परेशान कर रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी दो बहनों के साथ गंगा स्नान के बाद शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रही थी। इसी दौरान रवि चौहान नामक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और अभद्र व्यवहार करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उनसे कहा कि यदि उन्हें यहां पूजा-पाठ और स्नान करना है तो उन्हें उससे मिलना होगा।
महिलाओं का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार उनके साथ अभद्रता कर चुका था। जब उन्होंने आरोपी का विरोध किया और उसे पुलिस चौकी ले जाने का प्रयास किया, तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिलाओं के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी महिलाओं को थप्पड़ मारते और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि झांसी निवासी महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। महिलाओं से जुड़े मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने आरोपी रवि चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



