उत्तराखंड

हरिद्वार में रफ्तार का कहर: कार की टक्कर से एक बच्ची की मौत, बहन गंभीर घायल

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने मातम फैला दिया। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, सुमननगर क्षेत्र में एक ट्रक अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार से टकरा गया, जिसमें चालक की मौत हो गई।

 

घर के बाहर खेल रही बहनों को कार ने मारी टक्कर

 

पुलिस के अनुसार, चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की पांच वर्षीय बेटी अनिता और तीन वर्षीय सरिता घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आ रही कार ने दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से कार समेत फरार हो गया।

 

तीन साल की मासूम की मौत, बहन अस्पताल में भर्ती

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन वर्षीय सरिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय अनिता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बच्चियों के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

 

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश

 

श्यामपुर क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

 

सुमननगर में सुरक्षा दीवार से टकराया ट्रक

 

वहीं, दूसरी घटना सुमननगर क्षेत्र में देर रात हुई। पथरी पुल के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर रौ नदी की सुरक्षा दीवार से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

 

अस्पताल में चालक ने तोड़ा दम

 

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन जोशी (28) पुत्र सर्वेश कुमार निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

 

हादसे के कारणों की जांच जारी

 

रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है। वहीं, फरार कार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!