राजधानी देहरादून में फायरिंग से सनसनी, दो युवकों को लगी गोली, आरोपी फरार

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलीबारी में दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
विवाद के बाद चली गोलियां, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर दो राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
दो युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिनका दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी फायरिंग करने के बाद हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन भी कर दिया गया है।
एसपी सिटी ने क्या कहा?
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में घायल दोनों युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।



