IMD का अलर्ट: उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में अलर्ट जारी, प्रशासन अलर्ट पर
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए शासन-प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बागेश्वर, टिहरी और चंपावत जिलों में बुधवार, 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर पड़ने की भी आशंका जताई गई है।
वहीं, 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन अलर्ट पर
लगातार बारिश की चेतावनी को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आपदा प्रबंधन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
नदी-नाले उफान पर, भूस्खलन से कई मार्ग प्रभावित
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़क मार्ग बाधित होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले मौसम व सड़क मार्ग की जानकारी लेने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।



