कोतवाली के पास से गायब हुई नाबालिक, 2 युवकों ने किया दुषकर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी : हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी से 12 साल की बच्ची का अपहरण कर दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब डेढ़ दिन तक दरिंदगी झेलने के बाद पीड़िता ने खुद फोन कर परिजनों को लोकेशन बताई। इसके बाद पुलिस ने शक्ति फार्म से बच्ची को बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार सुबह पहुंची थी गुमशुदगी की तहरीर
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने बुधवार सुबह पुलिस को बताया कि मंगलवार रात घर में बड़ी बहन से झगड़े के बाद उनकी 12 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता न चलने पर गुमशुदगी दर्ज की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को बच्ची दो अलग-अलग युवकों के साथ दिखी। पुलिस ने उनकी पहचान कुसुमखेड़ा निवासी विक्रम सिंह 29 वर्ष और त्रिलोकपुर गौलापार निवासी सौरभ बिष्ट 21 वर्ष के रूप में की।
पीड़िता के फोन से खुला मामला
बृहस्पतिवार दोपहर पीड़िता ने परिजनों को आरोपी के मोबाइल से फोन किया और अपनी लोकेशन शक्ति फार्म बताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया। साथ ही सौरभ बिष्ट और विक्रम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में विक्रम ने बताया कि उसने बच्ची को बर्फ वाली गली से कार में बैठाया और अपने स्टूडियो ले जाकर दुष्कर्म किया। सुबह उसे फिर उसी जगह छोड़ दिया। इसके बाद बच्ची डीके पार्क पहुंची जहां उसकी मुलाकात सौरभ से हुई। सौरभ उसे शक्ति फार्म ले गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1), 115(2), 352 और पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विक्रम द्वारा इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है।
शुरुआती जांच पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। गुमशुदगी दर्ज होने के 12 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई थी। अगर पीड़िता खुद लोकेशन नहीं बताती तो बरामदगी में और देरी हो सकती थी।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. विक्रम सिंह पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल, उम्र 29 वर्ष
2. सौरभ बिष्ट पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम, नैनीताल, उम्र 21 वर्ष



