उत्तराखंड

सृष्टि कंडारी मौत मामला: पुलिस ने पति और ननद को किया गिरफ्तार, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मेंद्र डोभाल ने बताया कि हर्रावाला क्षेत्र में रहने वाली सृष्टि कंडारी द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया था। वीडियो में उन्होंने कथित रूप से पति और ननद द्वारा मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद मामले का तत्काल संज्ञान लिया गया और एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

सास की भूमिका और अंधविश्वास के पहलू की भी जांच

 

एसएसपी धर्मेंद्र डोभाल ने बताया कि सृष्टि की सास के संबंध में भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में अंधविश्वास के पहलू को भी शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में सृष्टि ने यह भी उल्लेख किया था कि कुछ महीने पहले ससुर की मृत्यु के लिए उन्हें ही दोषी ठहराया जाता था और कथित रूप से उन्हें ‘मनहूस’ कहा जाता था।

 

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

 

पुलिस के मुताबिक, सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर डोईवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में ससुराल पक्ष पर बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।

 

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी

 

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि दोष सिद्ध होने की स्थिति में आरोपियों को जल्द सजा मिल सके।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!