खरगे की हल्द्वानी रैली से पहले बवाल, कांग्रेस नेताओं ने कोतवाली में दिया धरना; पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित जनसभा से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खरगे की जनसभा में शामिल होने के लिए बाहरी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से हल्द्वानी पहुंच रहे कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को जगह-जगह रोका जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में एकत्र हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
‘जनसभा को फ्लॉप करने की कोशिश’ का आरोप
धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन पुलिस का सहारा लेकर कांग्रेस की जनसभा को फ्लॉप करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि रैली में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
वहीं, कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के बीच पुलिस प्रशासन ने रैली में जाने वाले वाहनों को बैरियर से आगे जाने की अनुमति देने के निर्देश दिए। इसके बाद स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू हुआ।
सुबह 11 बजे प्रस्तावित थी सभा
मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा का मुख्य कार्यक्रम रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे से प्रस्तावित था। हालांकि, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम में हुए बदलाव के चलते अब जनसभा दोपहर करीब 1 बजे शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
राहुल गांधी की रैली को लेकर भी हुआ था विवाद
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की देहरादून रैली को लेकर भी विवाद सामने आया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के लिए परेड मैदान में अनुमति दी गई थी, लेकिन कार्यक्रम से एक दिन पहले पुलिस की ओर से अनुमति को लेकर आपत्ति जताई गई। इसके बाद कार्यक्रम का आयोजन बन्नू स्कूल में किया गया था।
खरगे की जनसभा से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम ने हल्द्वानी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंतजाम किए गए हैं।



