भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बनेगा 2027 का रोडमैप, 597 पदाधिकारी होंगे शामिल

हल्द्वानी: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 9 सितंबर को आयोजित होने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि इसमें प्रदेशभर से कुल 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें उत्तराखंड के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ-साथ विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी। इसके लिए दो अहम प्रस्ताव बैठक में रखे जाएंगे।
बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति पर भी गहन मंथन होगा। संगठन को चुनावी मोड में लाने, बूथ स्तर तक तैयारियां मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत के लक्ष्य को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को दिशा देंगे। वे कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र भी देंगे।
नितिन नवीन के कार्यक्रम में युवाओं और खासकर Gen Z से संवाद भी शामिल है। इसके अलावा वह पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। वहीं रुद्रपुर में आयोजित सिख समाज के सम्मेलन को भी नितिन नवीन संबोधित करेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति की इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले संगठन के भीतर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी को लेकर भी चर्चा है। इसके साथ ही उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद भी फिलहाल खाली है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस अहम बैठक पर संगठन के भीतर और राजनीतिक गलियारों में निगाहें टिकी हैं।
अब कार्यसमिति की बैठक में यह देखना अहम होगा कि भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर क्या रणनीति तय करती है और संगठन को आगामी चुनाव के लिए किस तरह तैयार करने की दिशा तय की जाती है।



