उत्तराखंड

रुड़की में स्वास्थ्य विभाग का छापा, ममता नर्सिंग होम समेत तीन संस्थान सील

Listen to this article

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद टीम ने ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई के बाद अन्य निजी अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण कार्यालय के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर के निर्देशन में की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रुड़की क्षेत्र में संचालित विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों की ओर से उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद वास्तविक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में विभाग को उपलब्ध कराई गई चिकित्सकों की सूची में दर्ज चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। इसके अलावा संस्थानों में पंजीकरण के आधार पर नियमों के अनुपालन, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की भी जांच की गई।

एसीएमओ राजेश कुंवर ने कहा कि पंजीकरण के आधार पर संचालित होने वाले स्वास्थ्य संस्थानों में नियमों का पालन, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जांच के दौरान उपलब्ध व्यवस्थाओं और संस्थानों के संचालन से जुड़े मानकों की पड़ताल के बाद नियमों के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। विभाग की ओर से आगे भी अन्य नर्सिंग होम, क्लीनिक और निजी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किए जाने की संभावना है। कार्रवाई के बाद संचालकों को अपने रिकॉर्ड और संस्थान की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने का संदेश गया है।

निरीक्षण टीम में डॉ. राव, सहायक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी अंशु तोमर और जूनियर असिस्टेंट सोहेल शामिल रहे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!