तुंगनाथ यात्रा के दौरान हादसा, खाई में गिरी महिला की तलाश में चला रेस्क्यू अभियान; शव बरामद

रुद्रप्रयाग: तुंगनाथ यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात में अंधेरा और खाई की अधिक गहराई के कारण अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू कर महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद डीडीआरएफ और तुंगनाथ आपदा मित्रों की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला की तलाश शुरू की। बताया गया कि खाई में गिरने के बाद काफी देर तक महिला की आवाजें सुनाई देती रहीं। टीम ने रात में ही उसे बाहर निकालने के प्रयास किए, लेकिन खाई अत्यधिक गहरी होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीमों ने रात में महिला की तलाश और रेस्क्यू के प्रयास जारी रखे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।
महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।



