सेलाकुई में स्टंटबाजी और हंगामा, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो सीज की

देहरादून: रिहायशी इलाके में स्कॉर्पियो कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने और स्थानीय लोगों से अभद्रता करने के मामले में सेलाकुई पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो कार को मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की देर रात थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो कार संख्या HR 05 BS 2726 को बेहद अनियंत्रित और खतरनाक तरीके से चलाते हुए स्टंट कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने जब चालक को स्टंटबाजी करने से रोका और समझाने का प्रयास किया तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गया। सूचना मिलने के बाद सेलाकुई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के मौके पर पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने कार को रोक रखा था। आरोपी चालक नीरज लोगों से बहसबाजी और हंगामा कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके इस कृत्य से इलाके में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश था।
क्षेत्र की शांति व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही स्टंटबाजी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज (23) पुत्र राजेंद्र सिंह, मूल निवासी चोरगारसा, करनाल, हरियाणा और हाल निवासी झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।



