उत्तराखंड

तबादले हुए एक महीने से ज्यादा, फिर भी नहीं मिली नई तैनाती; वन विभाग ने जारी किया अल्टीमेटम

Listen to this article

देहरादून: वन विभाग में तबादला होने के बाद भी नई तैनाती पर नहीं जा रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर मुख्यालय ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने सभी लंबित तबादला आदेशों का 30 सितंबर तक अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। तमाम डिविजन और रिजर्व पार्कों के निदेशकों को भी इस संबंध में अल्टीमेटम दिया गया है। विभाग की ओर से पहले भी आदेशों के अनुपालन को लेकर पत्राचार किया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद अब मुख्यालय ने समय सीमा तय की है।

दरअसल, इस वर्ष वन विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए थे। इनमें वन आरक्षी से लेकर वन दरोगा और डिप्टी रेंजर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदली गई थीं। तबादला सूची जारी होने के बाद भी कई मामलों में कर्मचारी नई तैनाती पर नहीं पहुंच सके हैं। विभाग के अनुसार, स्थानांतरण आदेश जारी होने के एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी कई मामलों में आदेशों का पालन नहीं हुआ है।

विभाग में मानव संसाधन विकास (एचआरडी) की जिम्मेदारी देख रहे अधिकारियों की ओर से भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था। इसके बावजूद कई स्थानों पर कर्मचारियों को उनके तबादले वाली जगह के लिए रिलीव नहीं किया गया। सबसे ज्यादा मामले रिजर्व पार्क क्षेत्रों से सामने आने की बात कही गई है, जहां तबादला आदेश जारी होने के बाद भी कर्मचारियों को रिलीव नहीं किया गया।

स्थिति को देखते हुए प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। सभी डिविजन और रिजर्व पार्कों के वरिष्ठ अधिकारियों को 30 सितंबर तक तबादला आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

CCF HRD पीके पात्रो के अनुसार, तय समय सीमा में सभी तबादला आदेशों का पालन किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण आदेशों का अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित डिविजन के डीएफओ और रिजर्व पार्क के निदेशक जिम्मेदार होंगे।

वहीं, तबादला आदेशों के अनुपालन को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों में भी संशय की स्थिति बनी हुई है। विभाग के कई कर्मचारियों का कहना है कि तबादला आदेश जारी होने के बावजूद अलग-अलग जगहों पर अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों को रिलीव करने में अलग-अलग रवैया अपनाया जा रहा है। कुछ कर्मचारियों को रिलीव किया जा रहा है, जबकि कुछ को नई तैनाती पर जाने के लिए नहीं भेजा जा रहा।

वन दरोगा संगठन के अध्यक्ष स्वरूप चंद्र रमोला ने कहा कि तबादलों के आदेश जारी होने के बावजूद कई जगहों पर उनका पालन नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में संशय की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग को जल्द स्थिति स्पष्ट करते हुए जिन कर्मचारियों का जहां तबादला हुआ है, उन्हें वहां की तैनाती के लिए रिलीव करना चाहिए।

तबादला आदेशों के अनुपालन में देरी को लेकर अब वन विभाग में चर्चा तेज हो गई है। मुख्यालय की ओर से 30 सितंबर की समय सीमा तय किए जाने के बाद संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित कर दी गई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!