अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

देहरादून। बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार किया है। नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज चचेरे साले राज सिंह चौहान के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को आठ अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, छह अक्टूबर को बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पांच अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने बातचीत के बहाने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया और जबरन कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल ने पीछे से उसका गला दबाया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि मोबाइल नहीं छीन पाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने लोहे की वस्तु से सिर, छाती और मुंह पर हमला करने तथा एक आरोपी द्वारा चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया है।
राज सिंह चौहान ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी घड़ी और सोने की चेन भी ले ली गई। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका डोभाल उसकी चचेरी बहन हैं और दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए उसे बुलाया गया था। इसके बाद विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई।
तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में शुरुआत में बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 140(1) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुद्धोवाला-प्रेमनगर क्षेत्र से अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
इससे पहले पांच अक्टूबर की रात भी हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, वहां राज सिंह चौहान के साथ मारपीट की जा रही थी। दोनों पक्षों को पुलिस चौकी बाईपास लाया गया, जहां दोबारा विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चारों आरोपियों को BNSS की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया था। वहीं घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया था। इस मामले में बाद में आरोपियों को जमानत मिल गई थी।



