जमीन में 100 किलो सोना दबे होने का लालच देकर ठगी, खटीमा में थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने का आरोप

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर थारू जनजाति के एक व्यक्ति की बेशकीमती जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर व्यक्ति से रकम खर्च कराई गई। इसके बाद बंधक बनाने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। एक आरोपी तांत्रिक की मौत हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह पुत्र उमेश कुमार ने इस संबंध में तहरीर दी थी। आरोप है कि उनके पिता उमेश कुमार की हाईवे से लगी करीब डेढ़ से दो बीघा जमीन थी। आरोपियों ने घर और जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे रकम खर्च कराई गई। तहरीर में विभिन्न दस्तावेजों पर कथित रूप से जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
तहरीर के अनुसार, उमेश कुमार को कार में बंधक बनाने और एक महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबाव और भय के चलते उन्हें जमीन का एग्रीमेंट करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद दस्तावेजों में 86 लाख रुपये नकद दिए जाने का उल्लेख करते हुए दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई और जमीन पर कब्जा कर लिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कश्मीर सिंह नाम का आरोपी फरार चल रहा है। मामले में नामजद तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी भूड़ महोलिया, विवेक कुमार निवासी भानुसी, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर शामिल हैं। शिव सिंह राणा पर तांत्रिक होने का आरोप है। फरार आरोपी कश्मीर सिंह निवासी जंगल जोगी ढेर, खटीमा का रहने वाला है।
दो अन्य व्यक्तियों के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री की जांच
सीओ नीरज सेमवाल के अनुसार, उमेश कुमार ने हाल ही में अपनी कुछ जमीन बेची थी, जिसके बदले उन्हें धनराशि मिली थी। इसके अलावा उनके पास हाईवे से लगी जमीन भी थी। पुलिस को आशंका है कि उनकी रकम और जमीन हड़पने के लिए साजिश रची गई। आरोप है कि इस मामले में एक महिला को भी शामिल कर उमेश कुमार को ब्लैकमेल किया गया।
पुलिस के अनुसार, 86 लाख रुपये नकद दिखाकर दीपक सिंह और पपेंद्र नाम के व्यक्तियों के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने की बात सामने आई है। इन दोनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की पड़ताल जारी है।



