लक्सर में दिनदहाड़े फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर में शुगर मिल के गोल चौराहे पर दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बहादरपुर खादर निवासी रितिक के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया, जबकि वारदात में शामिल दूसरे आरोपी पारस की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अकोढ़ाकलां निवासी सुमित कुमार ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनका भाई रामकेश शुगर मिल के बाहर गोल चौराहे से गुजर रहा था। इसी दौरान बहादरपुर खादर निवासी रितिक ने अपने साथी पारस निवासी सीमली और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की नीयत से उस पर देशी तमंचे से फायरिंग की गई।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 352 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने एसपी ग्रामीण और सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट, उप निरीक्षक समीर पांडे और कांस्टेबल मनोज शर्मा शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रितिक गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश दी। आखिरकार 11 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी रितिक पुत्र शरणवीर सिंह, निवासी बहादरपुर खादर को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की गई है। दूसरे आरोपी पारस की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



