ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में वशीकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत चमन विहार स्थित आशियाना होम्स में छापेमारी कर दोनों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य, शास्त्री और तांत्रिक बताकर लोगों की पारिवारिक और अन्य समस्याएं दूर करने का झांसा देते थे। इसके लिए वे सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन प्रसारित करते थे। विज्ञापनों में अपनी पहचान छिपाकर संपर्क के लिए मोबाइल नंबर देते थे और लोगों को तंत्र विद्या व विशेष अनुष्ठानों के जरिए समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाकर उनसे पैसे ऐंठते थे।
12 अक्टूबर की रात पुलिस ने की छापेमारी
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति चमन विहार में किराये पर रहकर वशीकरण के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आशियाना होम्स में छापा मारकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
आठ आधार कार्ड और 10 एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, भरे हुए चेक, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपने और अन्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। पुलिस के मुताबिक, दिलनवाज और मोहम्मद भूरा नाम के व्यक्तियों के नाम पर भी फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाए गए थे। इन दस्तावेजों में किराये के मकान का पता दर्ज कर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए थे। पुलिस को आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाना था।
मुजफ्फरनगर और शामली के रहने वाले हैं आरोपी
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख निवासी ग्राम चित्तौड़, थाना जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर और सलमान निवासी शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले करीब डेढ़ महीने से पटेलनगर क्षेत्र के चमन विहार में किराये पर रह रहे थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 753/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के निजी और अन्य बैंक खातों में हुए लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, ठगी के संभावित पीड़ितों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है।



