उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, अलर्ट जारी

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में अर्नब साइक्लोन का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर, जबकि प्रदेश के शेष जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक से लेकर आमतौर पर बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। काश्तकारों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते ठंड में इजाफा हुआ।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!