मसूरी में नीली बत्ती लगाकर रौब दिखाना पड़ा भारी, कार सीज

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में कार पर नीली बत्ती और हूटर लगाकर घूमना एक चालक को भारी पड़ गया। मॉलरोड क्षेत्र में वाहन से हुड़दंग किए जाने की सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा नंबर की कार को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से 112 पर सूचना मिली थी कि मॉलरोड पर हरियाणा नंबर की कार (HR98E9325) का चालक नीली बत्ती लगाकर हूटर का इस्तेमाल कर रहा है और हुड़दंग मचा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की थाना मोबाइल और चीता पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान कार पर नीली बत्ती और हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल पाए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट या पुलिस का लोगो लगाकर चलने से आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इन उपकरणों का इस्तेमाल केवल अधिकृत व्यक्तियों द्वारा निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकता है।
मसूरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस लोगो या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत इस्तेमाल न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



