
राजधानी देहरादून के जिला अस्पताल पंडित दीनदयाल उपाध्याय (कोरोनेशन) ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत क्वालिटी सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है।
केंद्रीय टीम द्वारा किए गए कड़े ऑडिट में अस्पताल ने 90.75 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मजबूत व्यवस्थाओं का प्रमाण दिया है। इस उपलब्धि के साथ ही अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है।
12 विभागों ने पेश की मिसाल
पीएमएस डॉ. मनु जैन के अनुसार ऑडिट में अस्पताल के कुल 12 विभाग सफल रहे। इनमें ओपीडी, आईपीडी, पीडियाट्रिक यूनिट, प्रशासन, रेडियोलॉजी, इमरजेंसी, आईसीयू, ओटी, लैब, मैटरनिटी वार्ड, एन-ओटी और लेबर रूम जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं। सभी विभागों ने गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
मिलेगा हर साल 30 लाख का फंड
इस सफलता के बाद केंद्र सरकार की ओर से अस्पताल को अगले तीन वर्षों तक हर साल 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिससे अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा।
मंत्री और अधिकारियों ने दी बधाई
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डीजीएमई डॉ. सचिन बंसल, एमडी मनुज गोयल और सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा सहित कई अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
पीएमएस डॉ. मनु जैन ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम की मेहनत और एकजुटता को दिया।
कोरोनेशन अस्पताल की यह उपलब्धि न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है, जिससे आने वाले समय में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।



