उत्तराखंड

चारधाम यात्रा पर मुख्यमंत्री धामी की उच्चस्तरीय बैठक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भक्त बड़ी संख्या में चारधाम पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। शनिवार शाम पांच बजे तक कुल 10,00,497 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे।

 

शनिवार को ही 24,066 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए, जिनमें 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। लगातार बदलते मौसम और बीच-बीच में यात्रा मार्गों पर आने वाली चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है।

 

चारधाम यात्रा के आंकड़ों पर नजर डालें तो बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में अब तक कुल 26,86,259 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या यात्रा के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाती है।

 

यात्रा के दौरान रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला मई माह में भी देखने को मिला। 23 मई को एक ही दिन में चारधामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई थी, जबकि 24 मई को 98 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त धामों की ओर पहुंच रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को यात्रा व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और मौसम संबंधी चुनौतियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन और संबंधित एजेंसियां यात्रा मार्गों पर सुविधाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!