देहरादून में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

देहरादून: देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद कूच के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन कूच किया। हालांकि, हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए पहले बैरिकेड को पार कर दिया और दूसरे बैरिकेड तक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसके विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया, जहां राहुल गांधी सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
इसी के विरोध में देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के पास एकत्र हुए और लोक भवन की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें हाथीबड़कला क्षेत्र में रोक दिया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि संसद में छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी लोकतांत्रिक तरीके से प्रधानमंत्री आवास के बाहर अपनी बात रखने पहुंचे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उनके अनुसार यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसी के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के साथ बल प्रयोग और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग दोहराई।
फिलहाल, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बाद में पुलिस अपने साथ ले गई।



