फर्जी पहचान से महिला से दोस्ती, धर्म परिवर्तन और धमकी के आरोप में गिरफ्तारी

चकराता : चकराता क्षेत्र में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर विवाहिता महिला को प्रेमजाल में फंसाने और कथित धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरमान पुत्र इरफान निवासी धर्मपुर सरावगी गांव, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 27 वर्ष बताई गई है।
स्थानीय लोगों की मदद से हुई गिरफ्तारी
कोतवाल चकराता बीएल भारती ने बताया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को क्यावा गांव स्थित एक छानी से गिरफ्तार किया। आरोपी वहां छिपा हुआ था।
फर्जी आईडी से की दोस्ती
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला के पति ने आरोप लगाया कि फरमान ने पहले फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी पत्नी से दोस्ती की। बाद में उसने अपना असली नाम बताया और महिला को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि आरोपी ने महिला का धर्म परिवर्तन भी कराया।
कमरे में पत्नी के साथ मिला आरोपी
शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 मई को उसकी पत्नी मायके आई हुई थी। जब वह वहां पहुंचा तो आरोपी युवक को कमरे के अंदर पत्नी के साथ देखा। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी कथित रूप से रोशनदान के रास्ते भागकर गोशाला में छिप गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने गांव के सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
देवबंद कनेक्शन की भी जांच
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को देवबंद और विकासनगर से जुड़े कुछ लोगों का करीबी बताकर धमकियां देता था। तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी पहले भी कई लड़कियों को अपने जाल में फंसा चुका है और उनकी फोटो व वीडियो अन्य लोगों को भेज चुका है।
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही देवबंद कनेक्शन को लेकर भी जांच जारी है।



