उत्तराखंड

हल्द्वानी में करंट की चपेट में आए पिता-पुत्री की मौत, 12 वर्षीय बेटी ने बचाने की कोशिश में गंवाई जान

Listen to this article

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा ने दम तोड़ दिया। घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

जानकारी के अनुसार, बीती देर शाम नदीम सलमानी अपने घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह घर से सटे विद्युत पोल की चपेट में आ गए। पिता के शोर की आवाज सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा भी छत पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पिता को बचाने की कोशिश में वह भी करंट की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट आने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि शिकायत पर कार्रवाई होती तो हादसा टाला जा सकता था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिली थी कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी एसी का तार ठीक करने छत पर गए थे, जहां करंट लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे की सूचना मिलने के बाद हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और स्थानीय लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!