पीपलकोटी टनल रेस्क्यू में बड़ी कामयाबी, एक और श्रमिक सुरक्षित निकाला गया; एक अब भी लापता

चमोली। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है।
रेस्क्यू के बाद अब एक श्रमिक की तलाश बाकी है। लापता श्रमिक को खोजने के लिए रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर युद्धस्तर पर सघन सर्च अभियान चला रही हैं।
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंप समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और मलबा बाहर निकाला जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान हो सके।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। टनल के भीतर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।



