हरिद्वार के डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह पर गिरी गाज, शासन ने पद से हटाया

हरिद्वार: उत्तराखंड शासन ने कार्यों में कथित लापरवाही के आरोपों के बीच हरिद्वार के जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) अतुल प्रताप सिंह को उनके पद से हटा दिया है। शासन ने उन्हें पंचायती राज निदेशालय, देहरादून से संबद्ध (अटैच) कर दिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शासन के आदेश के अनुसार हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्रा को डीपीआरओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह अगले आदेश तक दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
बताया जा रहा है कि डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह के खिलाफ कार्यों में लापरवाही और अन्य मामलों को लेकर शासन को कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने प्रारंभिक स्तर पर उन्हें पद से हटाने की कार्रवाई की है।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में संयुक्त सचिव ध्रुव मोहन सिंह राणा, पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी और वित्त नियंत्रक शशि सिंह को शामिल किया गया है।
जानकारी के मुताबिक जांच समिति जल्द ही हरिद्वार का दौरा कर शिकायतों की विस्तृत जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल हरिद्वार में पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सीडीओ ललित नारायण मिश्रा संभालेंगे। वहीं, जांच पूरी होने के बाद नए डीपीआरओ की नियुक्ति को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।



