पलटन बाजार में साड़ी-लहंगे के शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

देहरादून: राजधानी देहरादून के व्यस्त पलटन बाजार स्थित एक साड़ी और लहंगा शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार पलटन बाजार स्थित गांधी संस शोरूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर सबसे पहले दमकल विभाग की एक गाड़ी पहुंची, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए तीन और फायर टेंडर बुलाए गए। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में शोरूम के भीतर रखा साड़ी, लहंगा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि पलटन बाजार देहरादून के सबसे पुराने और व्यस्त बाजारों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि आग बाजार के अत्यधिक व्यस्त समय में नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन आग लगने के कारणों तथा नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।



