हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात नशा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर सलमान गिरफ्तार

रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर सलमान को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। सीआईयू रुड़की और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पीरपुरा निवासी सलमान पुत्र जहांगीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ PIT-NDPS (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीआईयू रुड़की के सहयोग से आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार तलाश की गई। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



