
देहरादून
राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई।
ओवरटेक से शुरू हुआ विवाद, चली गोली
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय सड़क पर दो युवकों के बीच वाहन ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर गोली की चपेट में आ गए।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
“GEN Z” क्लब बना पूरे मामले का केंद्र
इस पूरे घटनाक्रम में अब सबसे बड़ा और चौंकाने वाला एंगल “GEN Z” क्लब को लेकर सामने आ रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, कुठालगेट चौकी के पास स्थित यह क्लब देर रात करीब 2 बजे खुलता है और सुबह 6 बजे तक यहां आफ्टर पार्टी चलती है।
बताया जा रहा है कि घटना में शामिल युवक रविवार रात इसी क्लब में पार्टी कर रहे थे, जहां उनके बीच पहले ही विवाद हो चुका था। क्लब में विवाद हुआ और करीब 8 से 10 लड़के इसमें शामिल थे।
इतना ही नहीं, जिस फॉर्च्यूनर कार का इस मामले में जिक्र हो रहा है, उसे भी कथित तौर पर क्लब के मालिक से जुड़ा बताया जा रहा है।
गंभीर सवालों के घेरे में “GEN Z” क्लब
अब इस घटना के बाद कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं—
• आखिर देर रात से सुबह तक चलने वाली इन पार्टियों की असलियत क्या है?
• क्या ऐसे क्लब शहर में अनियंत्रित माहौल को बढ़ावा दे रहे हैं?
• क्या यहां होने वाली पार्टियां युवाओं को हिंसा और अराजकता की ओर धकेल रही हैं
एक पार्टी, एक विवाद… और एक जान चली गई
यह घटना सिर्फ एक सड़क विवाद नहीं रह गई, बल्कि अब यह “GEN Z” क्लब के इर्द-गिर्द घूमता एक बड़ा सवाल बन चुकी है।
एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई—और इसकी जड़ में अब एक GEN Z क्लब और देर रात इस क्लब की आफ्टर पार्टी का कनेक्शन सामने आ रहा है।
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक तौर पर क्लब कनेक्शन की पुष्टि नहीं की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो पाएगा।
अच्छे ब्रांड्स की छवि पर असर
देहरादून में कई ऐसे प्रतिष्ठित और नियमों का पालन करने वाले बार और क्लब भी हैं, जो एक सुरक्षित और नियंत्रित माहौल देने की कोशिश करते हैं।
लेकिन “GEN Z” जैसे क्लबों की वजह से—
• पूरे क्लब कल्चर को गलत नजरिए से देखा जाने लगता है
• अच्छे और जिम्मेदार ब्रैंड्स की छवि भी धूमिल होती है
• परिवार और सामान्य लोग नाइट लाइफ से दूरी बनाने लगते हैं
यानी कुछ जगहों की लापरवाही का असर पूरे शहर के एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर पड़ रहा है।



