उत्तराखंड

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की तैयारियां पूरी, 14-15 जून को चलेगी विशेष शटल सेवा, बस-टैक्सी किराया भी तय

Listen to this article

हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 जून को आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 14 और 15 जून को विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बस, टैक्सी और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है तथा किराया भी निर्धारित कर दिया गया है।

 

प्रशासन के अनुसार, मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल, भवाली और खैरना से विशेष शटल सेवाएं चलाई जाएंगी। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष यातायात योजना लागू की गई है।

 

मेले के दौरान अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए 60 रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन से कैंची धाम तक सेवाएं देंगी। इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) की करीब 150 बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित होंगी। वहीं, ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसों को भी भीमताल से कैंची धाम रूट पर लगाया जाएगा।

 

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली से 150 और भीमताल से 100 टैक्सी-मैक्सी वाहनों का संचालन किया जाएगा। प्रशासन ने किराया भी निर्धारित कर दिया है। हल्द्वानी और काठगोदाम से कैंची धाम तक बस का किराया 150 रुपये, भीमताल और नैनीताल से 100 रुपये तथा भवाली और खैरना से 50 रुपये प्रति यात्री तय किया गया है। भवाली से कैंची धाम तक टैक्सी शटल सेवा का किराया भी 50 रुपये रखा गया है।

 

आरटीओ ने बताया कि सभी वाहन संचालकों को अपने वाहनों पर रूट और किराया सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान भवाली से कैंची धाम तक सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत शटल सेवा के माध्यम से ही मंदिर तक पहुंचने की अनुमति होगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!