कांवड़ यात्रा 2026: हरिद्वार में सलीम वास्तिक के हवन पर विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हरिद्वार: 30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के पहले दिन स्वयं को पूर्व मुस्लिम (एक्स मुस्लिम) बताने वाले सलीम वास्तिक अपने चार साथियों के साथ हरिद्वार पहुंचे। गंगा जल लेने और हवन-यज्ञ करने के दौरान रोड धर्मशाला में विवाद की स्थिति बन गई। धर्मशाला समिति की आपत्ति के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और सभी को दूसरे आश्रम में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सलीम वास्तिक अपने साथियों के साथ गाजियाबाद से हरिद्वार पहुंचे थे। उनका कहना था कि वे विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द और देश में अमन-चैन की कामना के लिए हवन-यज्ञ कर रहे हैं तथा कांवड़ लेकर गाजियाबाद स्थित डासना पीठ में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
धर्मशाला में हवन को लेकर हुआ विवाद
रोड धर्मशाला में हवन-यज्ञ शुरू होने के दौरान धर्मशाला समिति ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद सलीम वास्तिक और उनके साथ आए लोग धर्मशाला छोड़कर दूसरे आश्रम चले गए, जहां उन्होंने हवन जारी रखने की बात कही।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को दूसरे आश्रम भेज दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
7 अगस्त को गंगाजल लेकर लौटने की योजना
समूह के सदस्यों ने बताया कि वे 6 अगस्त तक हरिद्वार में रहकर हवन-यज्ञ करेंगे और 7 अगस्त को हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर गाजियाबाद के डासना पीठ के लिए रवाना होंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। सलीम वास्तिक ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले निर्धारित स्थान पर हवन करने की अनुमति नहीं दी गई।
बच्चों की सलामती के लिए कांवड़ यात्रा
समूह में शामिल अनीषा बानो ने बताया कि वह अपने बच्चों की सलामती की कामना के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने निजी जीवन से जुड़ी परिस्थितियों के बीच भगवान शिव से अपने बच्चों के सुखद भविष्य और सुरक्षा की प्रार्थना करने आई हैं।
कांवड़ मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
उधर, कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए बहादराबाद पुलिस ने रानीपुर झाल से बोंगला बाईपास तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाकर मार्ग को साफ कराया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि कांवड़ मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



