प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, हादसे का रूप देने की कोशिश; 48 घंटे में खुला राज

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह हत्या निकली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने किशोर प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और दोनों किशोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में हुई।
शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के कोण से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक की पत्नी निशा समेत अन्य लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पत्नी के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद संजीव की टेंट की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों किशोरों ने घटना में अपनी भूमिका और निशा की कथित संलिप्तता के बारे में जानकारी दी।
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी, जहां दोनों किशोर काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ कथित प्रेम प्रसंग था। इसी के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को सभी लोग जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकले थे। कार संजीव कुमार चला रहा था, जबकि दोनों किशोर पीछे बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठे एक किशोर ने संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया और घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा और दोनों किशोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का 48 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है।


