उत्तराखंड

बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी में गड़बड़ी, 5,352 छात्रों के सामने आई गलतियां

Listen to this article

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित उत्तराखंड संयुक्त बीएड और एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 16 अगस्त को हुई परीक्षा के बाद 17 अगस्त को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर कुंजी में कई सवालों के गलत जवाब दर्ज पाए गए। इसे देखकर परीक्षा में शामिल 5,352 अभ्यर्थी हैरान रह गए। शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय ने पुरानी उत्तर कुंजी वेबसाइट से हटा दी और संशोधित उत्तर कुंजी अपलोड कर दी।

उत्तर कुंजी में कई ऐसे जवाब दर्ज थे, जिन्हें देखकर परीक्षार्थियों ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सेक्शन डी की उत्तर कुंजी में भारत का राष्ट्रीय पक्षी कौआ बताया गया था, जबकि सही उत्तर मोर है। इसी तरह उत्तराखंड को क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे छोटा राज्य बताया गया, जबकि उत्तराखंड इस श्रेणी में नहीं आता।

इसके अलावा एफआरआई का मुख्यालय हल्द्वानी बताया गया, जबकि एफआरआई का मुख्यालय देहरादून में है। उत्तराखंड से राज्यसभा की कुल सीटें दो बताई गईं, जबकि राज्य में तीन राज्यसभा सीटें हैं। पिथौरागढ़ को तिब्बत से जोड़ने वाले दर्रे के रूप में जोजीला का नाम दिया गया, जबकि संबंधित दर्रा लिपुलेख है।

उत्तर कुंजी में भारत से लगी सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले देश के सवाल के जवाब में भी बांग्लादेश की जगह पाकिस्तान का नाम दर्ज किया गया था। इन गलत जवाबों को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की।

एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. डीएस बिष्ट ने बताया कि सेक्शन ए के सभी प्रश्नों के उत्तर सही हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी के कारण अन्य सेक्शन में कंप्यूटर से जम्बलिंग होने के चलते गलत उत्तर अपलोड हो गए थे। मामला संज्ञान में आते ही पुरानी उत्तर कुंजी हटा दी गई और वेबसाइट पर नई उत्तर कुंजी अपलोड कर दी गई है।

उत्तराखंड संयुक्त बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा कराने के लिए सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय को नोडल विश्वविद्यालय बनाया गया था। परीक्षा में प्रदेशभर से 5,352 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। संशोधित उत्तर कुंजी जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण पर है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!