उत्तराखंड

उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पांच मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के तबादले

Listen to this article

अल्मोड़ा: उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और एक प्रोफेसर के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। शासन के इस निर्णय को चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

इन मेडिकल कॉलेजों में बदले गए प्राचार्य

 

जारी आदेशों के अनुसार, सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के प्राचार्य पद पर किया गया है।

 

वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में कार्यरत डॉ. जी.एस. तितियाल को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

 

चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में भी बदलाव

 

शासन ने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं। चिकित्सा शिक्षा प्रभार के निदेशक डॉ. अजय कुमार आर्या को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी का नया प्राचार्य बनाया गया है।

 

इसके साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना को चिकित्सा शिक्षा का नया निदेशक नियुक्त किया गया है।

 

हरिद्वार और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में नई नियुक्तियां

 

राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत का तबादला राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य पद पर किया गया है।

 

वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

 

जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश

 

शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से मेडिकल कॉलेजों के संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

 

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!