उत्तराखंड

ममता हुई शर्मसार! बेटी को बेचकर मां ने दर्ज कराया फर्जी अपहरण का मुकदमा, मां समेत चार गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून: देहरादून में 15 वर्षीय नाबालिग के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि नाबालिग की मां ने ही अपनी बेटी का शादी के लिए सौदा कर दिया था। पुलिस के अनुसार, मां ने डेढ़ लाख रुपये में बेटी को बेच दिया और पूरी रकम नहीं मिलने पर अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।

 

राजपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल जांच के आधार पर नाबालिग की लोकेशन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ट्रेस की।

 

पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान दो आरोपियों, मनीष और लवी कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में लवी कुमार ने बताया कि उसने एक महिला के माध्यम से नाबालिग को उसकी मां से डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। बाद में उसने दो लाख रुपये में नाबालिग को मनीष के हाथ बेच दिया, जिसने उससे शादी करने के उद्देश्य से यह सौदा किया था।

 

दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर से पिंकी मलिक और देहरादून के आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र से नाबालिग की मां नीलम देवी को भी गिरफ्तार कर लिया।

 

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

इस सनसनीखेज मामले ने रिश्तों को शर्मसार करने के साथ ही नाबालिगों की सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!