उत्तराखंड

दून मेडिकल कॉलेज के पास कैफे फायरिंग का खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

Listen to this article

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में दून मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित एक कैफे के बाहर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था।

 

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सन्नी चौधरी निवासी रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्वास्तिक कैफे के बाहर शुभम और युवराज ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की। तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की धारा 109(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

 

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 21 जुलाई को मुख्य आरोपी शुभम पंवार को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और शिकायतकर्ता का करीब डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पैसों के विवाद के बाद उनके संबंध खराब हो गए थे। आरोपी के अनुसार, उसने कई बार विवाद खत्म करने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। घटना वाले दिन उसे जानकारी मिली कि शिकायतकर्ता उसके एक दोस्त के पीजी हॉस्टल के पास मौजूद है। वहां बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली शिकायतकर्ता को नहीं लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम पंवार (27 वर्ष) पुत्र रविंद्र पंवार, निवासी ग्राम डेलना, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश भी जारी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!