
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
नशे में धुत होकर पेट्रोल पंप पर किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से इंकार कर रहा है और नशे की हालत में कर्मचारियों से अभद्रता व झगड़ा कर रहा है। सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
231.6 mg/100ml अल्कोहल लेवल के साथ पकड़ा गया
पुलिस उसे वाहन सहित थाने लाई, जहां उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी (45 वर्ष), निवासी पीआरडी कॉलोनी, तपोवन रोड बताया। अल्कोहल टेस्ट में उसका स्तर 231.6 mg/100ml पाया गया, जो निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक है। इस पर पुलिस ने उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
थाने में भी किया हंगामा, हवालात में किया गया बंद
थाने में भी आरोपी ने जमकर हंगामा किया और बार-बार बाहर जाने की कोशिश करता रहा। काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना, तो उसे हवालात में बंद कर दिया गया।
हवालात में बेहोश मिला, अस्पताल में घोषित किया गया मृत
कुछ समय बाद निगरानी के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे हवालात में बेहोशी की हालत में पाया। तुरंत उसे बाहर निकालकर कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजिस्ट्रेट जांच और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं और शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा।
SSP का एक्शन: थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रायपुर थानाध्यक्ष और थाने में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया है।



