मॉनसून ने मचाई तबाही: देहरादून में भारी बारिश से पुल धंसा, 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में आधी रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के बीच भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने देहरादून जिले के सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रेमनगर में नवनिर्मित पुल का हिस्सा धंसा
लगातार बारिश के चलते देहरादून के प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में बने पुल का एक हिस्सा धंस गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी और जाम का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
भूस्खलन से मसूरी मार्ग बाधित
भारी बारिश के कारण मसूरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, मालदेवता क्षेत्र में भी तेज बारिश के कारण नुकसान की खबरें हैं। कई नदी-नाले उफान पर हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को खोलने और राहत कार्यों में जुटी हैं।
नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, फ्लैश फ्लड की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार के लिए उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में अत्यधिक वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का भी खतरा बताया गया है।
प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



