
उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण तब आया जब स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रदेश के दो प्रतिष्ठित चिकित्सकों डॉ. पवन शर्मा और डॉ. चिराग बहुगुणा को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित “राष्ट्रीय गौरव प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा, जनकल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डॉ. पवन शर्मा लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी तनाव, अवसाद, नशामुक्ति, आत्महत्या रोकथाम तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर लगातार जागरूकता अभियान, परामर्श शिविर और सामाजिक कार्यक्रम संचालित कर रही है, जिससे हजारों लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
वहीं वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. चिराग बहुगुणा अपनी संस्था डॉ. बहुगुणा आई एंड ईएनटी केयर के माध्यम से नेत्र एवं ईएनटी रोगों की रोकथाम, समय पर उपचार और जनजागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में आम नागरिकों को मिल रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों चिकित्सकों ने इसे उत्तराखंड की जनता और अपने सहयोगियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज की सेवा के प्रति जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाने वाला प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
नई दिल्ली में मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान न केवल दोनों चिकित्सकों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय भी है। स्वास्थ्य सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके समर्पण ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।



