ऑरेंज अलर्ट के बीच उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड मौसम अपडेट। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जताई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से नुकसान
रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली क्षेत्र के खलियाण बांगर और पुजार गांव में बुधवार शाम हुई अतिवृष्टि से कई स्थानों पर नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुजार गांव के बलिहारी और रौण्ड गदेरों में तेज बहाव के साथ आए मलबे और बोल्डरों से रामचंद्र भट्ट और प्रकाश भट्ट के आवासीय आंगनों में मलबा भर गया। वहीं बुरांश गदेरे में उफान आने से खिलानंद भट्ट, राकेश भट्ट और सतीश भट्ट की कृषि भूमि का कुछ हिस्सा बह गया।
इसके अलावा भानु प्रसाद भट्ट की गौशाला के पीछे बड़े-बड़े बोल्डर जमा हो गए। खलियाण गांव में रामचंद्र भट्ट की पुस्तक भंडार एवं प्रोविजन स्टोर के पीछे भी भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा होने से नुकसान पहुंचा।
अतिवृष्टि के कारण बुरांश गदेरे पर बनी दो पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं जखोली-बधानीताल मोटर मार्ग और पुजारगांव-कुरछौला मार्ग पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।



