
राष्ट्रपति Droupadi Murmu के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली, पेयजल, फायर सेफ्टी, वन एवं अन्य विभागों को अपनी व्यवस्थाओं के फिटनेस और क्लियरेंस प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी, जहां वे राष्ट्रपति आशियाना परिसर में लगभग 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद 13 जून को वे Indian Military Academy में आयोजित पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति उद्यान में विकसित की जा रही आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था को शत-प्रतिशत दुरुस्त रखें।
बताया गया कि राष्ट्रपति उद्यान को हरियाली, स्वास्थ्य, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। लगभग 132 एकड़ में बन रहे इस पार्क में थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2700 मीटर लंबा जॉगिंग और साइकिलिंग ट्रैक, 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक, 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक तथा आधुनिक स्पोर्ट्स जोन विकसित किए जा रहे हैं।
पार्क परिसर में तीन भव्य प्रवेश द्वारों और बड़ी पार्किंग व्यवस्था का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि यह परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून की नई पहचान बनेगी और पर्यटन को नई दिशा देगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



