प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित सेवलाकला चन्द्रबनी में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 24 वर्षीय युवती अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार रिया मल्ल (24), पुत्री राजेश मल्ल, निवासी टी.वी. राणा चौक, सेवलाकला चन्द्रबनी, पिछले कुछ समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। रविवार रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ाई करने गई थी।
सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर रिया फंदे से लटकी हुई मिली, जिसे देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ पंचायतनामा की कार्रवाई भी पूरी की। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
पुलिस जांच के दौरान कमरे से एक संक्षिप्त सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में युवती ने केवल “लव यू मम्मी-पापा” लिखा था। इस संदेश ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। युवती के असमय निधन से परिवार और परिचित गहरे सदमे में हैं।



