उत्तराखंड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं, कल IMA पासिंग आउट परेड की लेंगी सलामी

Listen to this article

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच गई हैं। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन के दौरे पर देहरादून आई हैं। वह 13 जून को आयोजित होने वाली Indian Military Academy (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और परेड की सलामी लेंगी।

 

राष्ट्रपति के काफिले के देहरादून पहुंचने के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती मार्ग के दोनों ओर की गई थी। देहरादून पुलिस, एसपीजी, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभाली। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई, जबकि पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई।

 

राष्ट्रपति का काफिला दोपहर बाद राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा, जहां उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए थे। राष्ट्रपति शनिवार सुबह राष्ट्रपति निकेतन से आईएमए के लिए रवाना होंगी।

 

आईएमए में 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परेड में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ मित्र देशों के कैडेट भी शामिल होंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

 

राष्ट्रपति के भ्रमण, कार्यक्रम और प्रवास को देखते हुए राजधानी देहरादून की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। पूरे क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के हवाई क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।

 

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राष्ट्रपति के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की गई है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशाला, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी कराया गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!