बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित, यमुनोत्री-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बंद

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब चारधाम यात्रा मार्गों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भूस्खलन और मलबा आने से यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है और यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कई स्थानों पर बंद हुआ यमुनोत्री हाईवे
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया समेत कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीमें लगातार मार्ग खोलने के कार्य में जुटी हुई हैं।
वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास मलबा आने के कारण बाधित हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी है।
पर्वतीय जिलों में आज भी भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 अगस्त तक उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
तापमान में बदलाव, मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार
रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुककर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने से गर्मी का असर बना रहा।
देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रशासन ने लोगों से बरसात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



