गोपनीय दौरे पर मसूरी पहुंचे नितिन नवीन, 2027 चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा

मसूरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Naveen सोमवार को अचानक मसूरी पहुंचे। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रहा। यहां तक कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को भी उनके आगमन की पूर्व जानकारी नहीं थी। उनके अचानक मसूरी पहुंचने को लेकर विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
मसूरी पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मसूरी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी भी दी।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए संगठन की जमीनी स्थिति और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान नेताओं ने बताया कि कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक Ganesh Joshi के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनकी जनता के बीच सकारात्मक चर्चा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह किया। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया। उनके आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।



