राष्ट्रपति मुर्मू के उत्तराखंड दौरे की तैयारी तेज, IMA पासिंग आउट परेड में हो सकती हैं शामिल

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जून महीने में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। संभावना जताई जा रही है कि राष्ट्रपति 12 से 14 जून तक तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ सकती हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उनका देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी और केदारनाथ धाम जाने का कार्यक्रम तय किया गया है।
राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सचिवालय से लेकर जिला प्रशासन तक के अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने और जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून पहुंचेंगी और राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 13 जून को उनका भारतीय सैन्य अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार 14 जून को राष्ट्रपति केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हो सकती हैं। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद उनके दिल्ली लौटने की संभावना है।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित दौरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं देहरादून जिला प्रशासन ने भी प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं का आकलन किया जा रहा है।
हालांकि अभी राष्ट्रपति के इस दौरे पर अंतिम मुहर नहीं लगी है, लेकिन संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।



