चाऊमीन के ठेले पर विवाद के बाद फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार; इलाके में दहशत

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा चौकी क्षेत्र में चाऊमीन के ठेले पर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। तीन युवकों ने पहले चाऊमीन विक्रेता से कहासुनी की और फिर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ठेले पर पथराव किया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना वार्ड नंबर 22 क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे आरोपी को बुधवार को दबोच लिया गया।
चाऊमीन मांगने पर हुआ विवाद
पीड़ित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात के समय तीन युवक उसके ठेले पर पहुंचे और चाऊमीन बनाने को कहा। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए विक्रेता पर हमला किया और ठेले पर पथराव कर दिया, जिससे सामान बिखर गया और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
तमंचा और चाकू बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे के रूप में की है। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ, जबकि अन्य दो आरोपियों के कब्जे से चाकू मिले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इलाके में तनाव
फायरिंग की घटना के बाद वार्ड नंबर 22 में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। कई दुकानदारों ने तुरंत शटर बंद कर दिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या नहीं। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके।



