सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में भारी भीड़ की संभावना, 13 से 15 जून तक लागू ट्रैफिक प्लान

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड को देखते हुए हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने 13 से 15 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन नारसन, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर इन वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे, जबकि बड़े वाहनों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म और रायवाला मार्ग से हरिद्वार लाया जाएगा और उनके लिए लालजीवाला, पंतदीप तथा चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
यात्रा से लौटकर मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 से जाएंगे। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौक और श्यामपुर मार्ग से निकाला जाएगा। यातायात दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग का उपयोग केवल शहर से बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा। गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की ओर यातायात संचालित किया जाएगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक तथा 14 जून सुबह 6 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 15 जून तड़के 3 बजे से दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले सभी बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा। देहरादून और नजीबाबाद से आने वाले बड़े वाहनों को भी निर्धारित पार्किंग में रोका जाएगा।
हरिद्वार में शुक्रवार को ट्रैफिक अव्यवस्था के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक फंसी रही और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



