केदारनाथ यात्रा में ‘बिहार सरकार’ का फर्जी रुतबा दिखाना पड़ा भारी, स्कॉर्पियो सीज

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान वीआईपी रुतबा दिखाने की कोशिश कर रहे एक वाहन चालक पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वाहन पर फर्जी तरीके से ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगाकर और अवैध हूटर का इस्तेमाल कर यात्रा मार्ग पर विशेष सुविधा हासिल करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने जांच के बाद स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया।
चेकिंग के दौरान खुली पोल
चारधाम यात्रा के दौरान चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सोनप्रयाग क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था और वाहन में अवैध हूटर भी लगा था।
पूछताछ के दौरान वाहन में मौजूद कोई भी व्यक्ति स्वयं को सरकारी अधिकारी या नेम प्लेट के उपयोग का अधिकृत व्यक्ति साबित नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि वाहन चालक यात्रा के दौरान विशेष सुविधाएं पाने और लोगों पर रौब जमाने के लिए सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर रहा था।
पुलिस ने जब्त की नेम प्लेट और हूटर
मामला सामने आते ही पुलिस ने वाहन से अवैध हूटर और फर्जी सरकारी नेम प्लेट हटाकर जब्त कर ली। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
फर्जी वीआईपी संस्कृति पर सख्त रुख
एसपी रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है। फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यात्रा मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान फर्जी पहचान, अवैध हूटर और नियमों का उल्लंघन कर विशेष सुविधाएं लेने की कोशिश करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी चेकिंग अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।



