
नैनीताल। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता का खून से सना शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान लॉन्ग व्यू कंपाउंड निवासी अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे अधिवक्ताओं ने पार्किंग में खड़ी कार के भीतर शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक के हाथ में पिस्टल मिली है और वाहन के बोनट पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें बीमारी से परेशान होने की बात लिखी बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



